
(मनीष नामदेव) : मुंगेली जिले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अंतरराज्यीय वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने चोरी किया गया हाइवा ट्रक गुजरात से बरामद कर लिया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है, जबकि तीन अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
मुंगेली जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र से एक हाईवा ट्रक चोरी होने की सूचना पुलिस को 26 फरवरी की रात मिली थी। प्रार्थी धर्मेंद्र सिंह ठाकुर ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उनका हाइवा ट्रक (सीजी 10 बीएन 5500) ड्राइवर द्वारा ग्राम बरेला में टायर दुकान के पास खड़ा किया गया था, लेकिन रात के अंधेरे में अज्ञात चोरों ने वाहन गायब कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज डॉ. संजीव शुक्ला और पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और सायबर ट्रैकिंग की मदद से पुलिस को अहम सुराग मिले। फुटेज में दिखा कि ट्रक की नंबर प्लेट बदली गई थी और एक सफेद स्कॉर्पियो उसे फॉलो कर रही थी।
पुलिस जांच के आधार पर गुजरात के दाहोद जिले में लोकल क्राइम ब्रांच के सहयोग से घेराबंदी कर चोरी किया गया हाइवा ट्रक और घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो जब्त की गई। इस दौरान दो आरोपियों – हरियाणा के अकरम खान और उत्तर प्रदेश के आजाद मिया को गिरफ्तार किया गया, जबकि उनके तीन अन्य साथी फरार हो गए।
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने डीजल टंकी के लॉक को तोड़कर हाइवा को चोरी किया और इसे जबलपुर, मध्यप्रदेश होते हुए गुजरात ले जाने की योजना बनाई थी। पुलिस ने 52.75 लाख रुपये की कुल कीमत के सामान बरामद किए हैं, जिसमें चोरी का हाइवा, स्कॉर्पियो और पांच मोबाइल शामिल हैं।
फिलहाल, पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। मुंगेली पुलिस की इस बड़ी सफलता से अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के नेटवर्क पर करारा प्रहार हुआ है।




