माया सेल्स कंपनी के नाम पर 9 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर की तोरवा पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने ‘माया सेल्स’ नामक फर्जी कंपनी खोलकर करीब 22 लोगों से कुल 9 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा निवासी सत्यनारायण सांडे ने 19 मई को तोरवा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी कामता मेहता ने माया सेल्स के नाम से कंपनी खोलकर लोगों को नौकरी देने का झांसा दिया और प्रत्येक से मोटी रकम ऐंठ ली।
पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह को दी गई, जिन्होंने तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर राजेंद्र जायसवाल और नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली अक्षय प्रमोद सबद्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी तोरवा के नेतृत्व में एक टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की गई।
आरोपी कामता मेहता, जो मूलतः कोरबा जिले के बालकों नगर का निवासी है और वर्तमान में बिलासपुर के अमेरी चौक क्षेत्र में रह रहा था, को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने ठगी की बात स्वीकार की, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




