शेयर मार्केट निवेश के नाम पर 8.45 करोड़ की ठगी, पश्चिम बंगाल से आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा पुलिस ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी ने लोगों को हर महीने पांच प्रतिशत ब्याज और ज्यादा मुनाफे का लालच देकर करीब 8 करोड़ 45 लाख रुपये की ठगी की थी। इस मामले में थाना चांपा में अपराध क्रमांक 35/26 के तहत धारा 420 और 34 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया था।
प्रार्थी भूधर प्रसाद देवांगन, निवासी सक्ती, ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी पहचान वर्ष 2021 में कोलकाता निवासी विश्वजीत देबनाथ से हुई थी। आरोपी ने शेयर मार्केट में निवेश कराने और मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा दिया। शुरुआत में कुछ महीनों तक ब्याज भी दिया गया, लेकिन बाद में कंपनी में घाटा होने का बहाना बनाकर टालमटोल शुरू कर दी। जांच में सामने आया कि आरोपी ने नगद, आरटीजीएस, एनईएफटी और चेक के माध्यम से करोड़ों रुपये जमा कराए।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी को पश्चिम बंगाल के नदिया जिले से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक क्रेटा कार, 12 अलग-अलग बैंकों के चेकबुक, 9 डेबिट कार्ड, 8 क्रेडिट कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, तीन महंगे मोबाइल और 30 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में थाना चांपा पुलिस और साइबर टीम की अहम भूमिका रही।




