5 लाख की नकबजनी का खुलासा, एंटी क्राइम व साइबर यूनिट ने आरोपी को किया गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर में नकबजनी के एक बड़े मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। खमतराई थाना और एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की संयुक्त कार्रवाई में 5 लाख रुपये की चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर संपूर्ण रकम बरामद कर ली गई है।
प्रार्थी विजय कुमार सारथी, निवासी मूल रूप से जैजेपुर जिला शक्ति, वर्तमान में हर्षित विहार उरकुरा में किराए के मकान में रहता है। उसने पुलिस को बताया कि उसने दो माह पहले अपने पैतृक मकान को 38 लाख रुपये में बेचा था। उसी में से 5,00,000 रुपये उसने 5 दिसम्बर को अपने किराए के मकान में टिन की पेटी में रखे थे। लेकिन 8 दिसंबर की सुबह जब उसने पेटी देखी तो रकम गायब थी। अज्ञात आरोपी द्वारा चोरी करने पर खमतराई थाना में अपराध क्रमांक 1229/2025 दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा खमतराई थाना पुलिस की टीम गठित की गई। टीम ने लगातार तकनीकी विश्लेषण, पूछताछ और आसपास के संदेहियों की पतासाजी कर मामले में तेजी से काम किया।
जांच के दौरान टीम ने संदेही अनिल कश्यप, निवासी अरेठीकला जिला शक्ति को पकड़ा। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि उसने प्रार्थी के किराए के मकान से पूरी 5 लाख रुपये की रकम चोरी की है। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की संपूर्ण रकम बरामद कर ली गई है।
गिरफ्तार आरोपी:
- अनिल कश्यप, पिता पुरुषोत्तम कश्यप, उम्र 19 वर्ष, निवासी अरेठीकला, थाना हसौद जिला शक्ति।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामला न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।



