क्रिकेट सट्टे के लिए म्यूल बैंक अकाउंट मुहैया कराने वाले 5 गिरफ्तार…..

रायपुर में क्रिकेट सट्टे से जुड़ी एक बड़ी साजिश का खुलासा हुआ है। पुलिस ने म्यूल बैंक खातों के जरिये करोड़ों की सट्टेबाजी में शामिल गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी दूसरों के नाम से बैंक अकाउंट और मोबाइल सिम कार्ड खुलवाकर उनका उपयोग क्रिकेट सट्टे के पैसों के लेन-देन में करते थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपी गरीब और अनजान लोगों को झांसा देकर उनके नाम से बैंक अकाउंट और सिम कार्ड खुलवाते थे, फिर उन्हें अपने पास रख लेते थे। इन खातों के जरिये अवैध रूप से करोड़ों रुपये का ट्रांजैक्शन किया जा रहा था। एक मामले में तो अकेले एक अकाउंट से दो करोड़ से ज्यादा का ट्रांजैक्शन हुआ है।
तेलीबांधा थाने में दर्ज FIR के बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना तेलीबांधा की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अब्दुल्ला मेमन और उसके चार साथियों—फैय्याज अहमद, सुमित खटवानी, संजय जोतवानी और अविनाश वाधवा—को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने इन आरोपियों के पास से 4 लाख 5 हजार रुपये नगद, 7 मोबाइल फोन समेत कुल 6 लाख 30 हजार रुपये का सामान जब्त किया है। पूछताछ में आरोपियों ने 150 से अधिक बैंक अकाउंट उपलब्ध कराने की बात कबूली है, जिनके लिंक महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उड़ीसा और दिल्ली से जुड़े पाए गए हैं।
फिलहाल पुलिस अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।




