ट्रांसपोर्ट नगर में चाकू लहराकर राहगीरों को धमकाने वाला गिरफ्तार

(धीरेंद्र मेहता) : बिलासपुर। चकरभाठा पुलिस ने ट्रांसपोर्ट नगर स्थित साहू ढाबा के पास राहगीरों को चाकू दिखाकर डराने-धमकाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति हाथ में बटनदार चाकू लेकर लोगों में भय का माहौल बना रहा है।सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अभिषेक नंदेश्वर (38 वर्ष) निवासी शारदा नगर, तालापारा, थाना सिविल लाइन, बिलासपुर बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक बटनदार धारदार चाकू बरामद किया गया। चाकू की कुल लंबाई 15 सेंटीमीटर तथा फल की लंबाई 7 सेंटीमीटर पाई गई। पुलिस द्वारा दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए नोटिस दिए जाने पर आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका. पुलिस ने चाकू जब्त कर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को भी दे दी गई है। मामले की विवेचना जारी है।




