जंगलों में चले तीन दिवसीय अभियान में 18 जुआरी गिरफ्तार, 15 लाख की मशरूका ज़ब्त

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही पुलिस ने सरहदी जंगलों और बांध क्षेत्रों में संचालित जुआ फड़ पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक एस.आर. भगत के निर्देश पर डीएसपी साइबर दीपक मिश्रा और एसडीओपी गौरेला श्याम सिदार के नेतृत्व में तीन दिवसीय अभियान चलाया गया, जिसमें कुल 18 जुआरी गिरफ्तार किए गए और लगभग 15 लाख रुपए से अधिक की मशरूका ज़ब्त की गई।
22 नवंबर को डोंगरीटोला बांध के पास दबिश दी गई, जहाँ पाँच जुआरी 52 पत्ती ताश के साथ रंगे हाथ पकड़े गए। वहाँ से ₹9250 नकद और ताश की गड्डी ज़ब्त की गई।23 नवंबर को डुमरिया बांध क्षेत्र में दो अलग-अलग रेड की गई। खेत के पास तीन आरोपी पकड़े गए, जिनसे ₹2130 नकद और एक चटाई जब्त हुई।भर्री क्षेत्र में हुई दूसरी कार्रवाई में तीन और जुआरी पकड़े गए, जिनसे ₹1850 नकद और ताश की गड्डी बरामद की गई।
तीसरे दिन कठौतिया जंगल में पुलिस ने घेराबंदी कर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस को देखकर कुछ जुआरी भाग निकले, लेकिन 7 आरोपी मौके पर गिरफ्तार किए गए।यहाँ से ₹54,800 नकद, 3 मोबाइल, 2 कारें (स्विफ्ट डिज़ायर व अर्टिगा) और 5 मोटरसाइकिलें जब्त की गईं। वाहनों समेत कुल ज़ब्ती की कीमत ₹11.94 लाख आँकी गई। तीन दिनों में कुल 4 जगह कार्रवाई, 18 गिरफ्तार,
₹68,030 नकद, व वाहनों–मोबाइल सहित लगभग 15 लाख की कुल ज़ब्ती।
कठौतिया और डुमरिया जैसे घने जंगलों में जुआरी मोबाइल नेटवर्क न होने का फायदा उठाकर लोकेशन बदलते रहते थे। उनके लिए “चौकीदार” भी लगाए गए थे ताकि पुलिस न पहुँच सके। लेकिन संयुक्त टीम ने सभी चालाकियों को ध्वस्त करते हुए सफल रेड की।अभियान में थाना गौरेला प्रभारी निरीक्षक सौरभ सिंह, उप निरीक्षक सुरेश ध्रुव, साइबर सेल व गौरेला थाना स्टाफ की टीम का सराहनीय योगदान रहा।




