देश

अयोध्या : पीएम मोदी और मोहन भागवत ने राम मंदिर के शिखर पर भगवा ध्वज फहराया, भक्तों में उल्लास

अयोध्या – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने राम मंदिर के शिखर पर भगवा ध्वज फहराकर एक ऐतिहासिक क्षण को साक्षी बनाया। इस दौरान यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। ध्वजारोहण के बाद पूरा परिसर “जय श्री राम” के जयकारों से गूंज उठा।

Advertisement

प्रधानमंत्री मोदी और आरएसएस सरसंघचालक मोहन भागवत ने श्री राम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर 10 फीट ऊंचा और 20 फीट लंबा समकोण त्रिभुजाकार भगवा ध्वज फहराया। यह ध्वज मंदिर निर्माण के पूर्ण होने का प्रतीक माना जा रहा है—और भगवान श्रीराम के तेज एवं पराक्रम का प्रतिनिधित्व करता है।

Advertisement

ध्वजारोहण के बाद पीएम मोदी ने रामलला के दर्शन किए और राम दरबार में विधिवत पूजा-अर्चना की, इस पावन अवसर पर करोड़ों राम भक्तों की भावनाएँ उमड़ पड़ीं। अयोध्या में मौजूद श्रद्धालु उत्साह में झूम उठे और पूरा परिसर एक बार फिर राममय हो गया।

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे हर भारतवासी के लिए गौरवमय दिन बताया। उन्होंने कहा – “आज एक नए युग का शुभारंभ हुआ है। अयोध्या कभी बदहाली का प्रतीक थी, लेकिन आज यह वैश्विक उत्सवों की राजधानी बन गई है। प्रधानमंत्री मोदी ने ध्वज फहराया, इसके लिए मैं उनका आभार व्यक्त करता हूँ।”

ध्वजारोहण के बाद आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने भी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा—
“ये राम राज्य का ध्वज है। 500 वर्षों के संघर्ष और अनगिनत बलिदानों के बाद आज वह क्षण आया है जब इस ध्वज को फिर से अपने शिखर पर लहराते हुए देखा गया।”

भागवत ने कहा कि भगवा रंग धर्म, त्याग और समर्पण का प्रतीक है—और यह ध्वज उन सभी के सपनों की पूर्ति है जिन्होंने राम मंदिर के लिए प्राण अर्पित किए, अयोध्या का यह ऐतिहासिक दिन भारत की सांस्कृतिक पहचान और आस्था का स्वर्णिम अध्याय बनकर दर्ज हो गया है।

 

Related Articles

Back to top button