20 लाख कीमत के 100 गुम मोबाइल फोन बरामद, स्वामियों को लौटाए गए….

रायपुर। राजधानी रायपुर पुलिस ने एक बार फिर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थानों की संयुक्त कार्रवाई में करीब 20 लाख रुपए कीमत के 100 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इन सभी मोबाइल फोनों को उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द कर दिया गया।
दरअसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर गुम मोबाइल फोन की खोज के लिए विशेष अभियान चलाया गया। टीम ने तकनीकी विश्लेषण और अन्य राज्यों की पुलिस के सहयोग से मोबाइल फोनों को ढूंढ निकाला। इनमें से कई मोबाइल उत्तर प्रदेश, उड़ीसा, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार से बरामद हुए। रायपुर पुलिस ने बताया कि वर्ष 2025 में अब तक कुल 750 मोबाइल फोन, जिनकी कीमत लगभग 1 करोड़ 50 लाख रुपए है, उनके मालिकों को लौटाए जा चुके हैं।
साइबर सेल ने आम जनता से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत www.ceir.gov.in पोर्टल पर जानकारी दर्ज कराएं और नजदीकी थाने या साइबर सेल से संपर्क करें। साथ ही मोबाइल हमेशा पासवर्ड से सुरक्षित रखें और किसी भी लावारिस फोन को साइबर सेल रायपुर में जमा करें। ऐसे फोन जमा करने वालों को पुलिस द्वारा सम्मानित भी किया जाएगा।



