VIDEO : सड़क पर जन्मदिन मनाने वाले 10 युवक गिरफ्तार, पुलिस ने कराया उठक-बैठक

(आशीष मौर्य संपादक) : बिलासपुर में सड़क जाम कर जन्मदिन का जश्न मनाना 10 युवकों को भारी पड़ गया। थाना सकरी पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।घटना 7 अगस्त की रात करीब साढ़े 9 बजे की है। पुलिस के मुताबिक, उसलापुर स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के सामने कुछ युवकों ने बुलेट मोटरसाइकिल सड़क के बीच खड़ी कर उसके ऊपर केक रखा और जन्मदिन मनाने लगे। इस दौरान वीडियो भी बनाया गया। जन्मदिन के जश्न में सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस ने शिकायत मिलते ही कार्रवाई करते हुए 10 युवकों को गिरफ्तार किया। इनमें रवि चतुर्वेदी, ऋतिक सोनी, गोविंद रजक, निखिल पटेल, प्रशांत भारती, ओंकार लहरे, विक्रांत लहरे, समीर नवरंग, असकरण दास कुर्रे और विशाल लहरे शामिल हैं। घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया।
पुलिस ने युवकों को न्यायालय में पेश कर दिया है और चेतावनी दी है कि भविष्य में इस तरह की हरकत करने वालों पर भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




