10 वर्षीय बच्चे की मौत का मामला सुलझा, बुआ के बेटे ने नशे में किया था अप्राकृतिक कृत्य और हत्या

मरवाही पुलिस ने 10 वर्षीय बालक की संदिग्ध मौत के मामले का पर्दाफाश कर दिया है। जांच में सामने आया कि बालक की हत्या उसके ही रिश्ते के बुआ के बेटे ने की थी। आरोपी ने नशे की हालत में बालक के साथ अप्राकृतिक कृत्य करने के बाद उसे फांसी पर लटका दिया था ताकि मामला आत्महत्या लगे।
दरअसल 2 नवंबर को थाना मरवाही के एक गांव में 10 वर्षीय बालक का शव निर्माणाधीन भवन में फंदे से लटका मिला था। शुरुआत में मामला आत्महत्या का लग रहा था, लेकिन फॉरेंसिक जांच में शरीर पर मिले निशानों ने पुलिस को शक में डाल दिया।
फॉरेंसिक अधिकारी शांतनु राठौर और डीएसपी दीपक मिश्रा की टीम ने बारीकी से जांच की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह साफ हुआ कि बालक की मौत गला घोंटने से हुई है। इसके बाद पुलिस अधीक्षक एस.आर. भगत के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने रिश्तेदार अर्जुन पर शक गहराया। आरोपी के मोबाइल से कई आपत्तिजनक वीडियो मिले। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने शराब के नशे में बालक के साथ अप्राकृतिक कृत्य किया और बाद में हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिया।
मरवाही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस मामले के खुलासे में थाना प्रभारी सनीप रात्रे, डीएसपी दीपक मिश्रा और साइबर सेल की टीम की विशेष भूमिका रही।
पुलिस की सतर्कता और फॉरेंसिक जांच से एक ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा हुआ है। अब आरोपी को सख्त सजा दिलाने की तैयारी की जा रही है।




