बोलेरो की टक्कर से युवा व्यवसायी की मौत, पत्नी गंभीर रूप से घायल….

(उज्ज्वल तिवारी) : पेंड्रा। जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में पेंड्रा के युवा व्यवसायी अंकित अग्रवाल की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी हिमानी अग्रवाल गंभीर रूप से घायल हैं। रविवार देर शाम पेंड्रा-गौरेला मुख्य मार्ग पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने एक तेज रफ्तार बोलेरो (CG 16 B 3715) ने बाइक सवार व्यवसायी दंपति को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के तुरंत बाद जिला पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता मौके पर पहुंचीं और घायलों को अपने वाहन से जिला अस्पताल भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए दंपति को बिलासपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही अंकित अग्रवाल ने दम तोड़ दिया। घायल हिमानी अग्रवाल का इलाज अपोलो अस्पताल, बिलासपुर में जारी है।
घटना के बाद पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर बोलेरो वाहन को जब्त कर लिया, हालांकि चालक मौके से फरार हो गया। फिलहाल गौरेला पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस दुखद घटना से पूरे शहर में शोक की लहर है, और लोग युवा व्यवसायी के असमय निधन से स्तब्ध हैं।




