
बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक महिला ने मैरिज ब्यूरो की आड़ में अपने ही पति की दोबारा शादी एक युवती से करवा दी। पीड़िता की शिकायत पर सकरी पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
सकरी थाना क्षेत्र का। जहाँ थाना सकरी में दर्ज अपराध क्रमांक 341/2025, धारा 420 और 34 भादवि के तहत धोखाधड़ी और साजिश का प्रकरण दर्ज किया गया है।
प्रार्थिया ने थाने में लिखित शिकायत देकर बताया कि उसने मैरिज ब्यूरो के जरिए शादी की थी, लेकिन बाद में उसे पता चला कि जिससे उसकी शादी करवाई गई है, वह पहले से शादीशुदा है और उसका एक बेटा भी है।
पीड़िता विनोबानगर में रहकर ब्यूटी पार्लर का काम करती है। वर्ष 2024 में परिवार ने गुरुघासीदास ग्रुप में विवाह हेतु उसका प्रोफाइल डाला था। सतनाम मैरिज ब्यूरो की संचालिका चित्रा कुमारी ने उससे संपर्क कर संजय कुमार चौधरी का प्रोफाइल दिखाया और उसे नवोदय विद्यालय, हरियाणा का शिक्षक बताया।
14 दिसंबर 2024 को गिरौदपुरी धाम में दोनों की शादी करवाई गई। शादी के बाद पीड़िता संजय के साथ हरियाणा चली गई, लेकिन कुछ दिनों बाद पता चला कि संजय पहले से शादीशुदा है।
सबसे बड़ा खुलासा तब हुआ जब पीड़िता को पता चला कि मैरिज ब्यूरो की संचालिका चित्रा कुमारी, संजय की पत्नी ही है। दोनों ने मिलकर साजिश के तहत धोखे से पीड़िता की शादी करवाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर सकरी थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने टीम बनाकर त्वरित कार्रवाई की और दोनों आरोपियों — संजय कुमार चौधरी और चित्रा कुमारी — को अमेरी से गिरफ्तार किया गया।
दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्य, सउनि राजकुमार वस्त्रकार और मप्रआर मालती तिवारी की सराहनीय भूमिका रही।
साकी तौर पर यह मामला यह दर्शाता है कि कैसे व्यक्तिगत फायदे के लिए कुछ लोग विश्वास और रिश्तों के साथ खेलते हैं। पुलिस की तत्परता से अब पीड़िता को न्याय की उम्मीद जगी है।




