मुठभेड़ में तीन लाख का इनामी माओवादी ढेर, नक्सल विरोधी अभियान में जवानों को मिली बड़ी सफलता….

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में माओवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को एक बड़ी सफलता मिली है। थाना बेदरे क्षेत्र के केरपे-तोड़समपारा जंगल में मुठभेड़ के दौरान पुलिस और सुरक्षाबलों ने एक कुख्यात माओवादी को मार गिराया है। मारा गया माओवादी वेल्ला वाचम, गुण्डीपुरी आरपीसी का मिलिशिया प्लाटून कमांडर था, जिस पर 3 लाख रुपए का इनाम घोषित था।
जानकारी के मुताबिक, माओवादियों की उपस्थिति की खुफिया सूचना के आधार पर थाना बेदरे और CAF 9/E कंपनी की संयुक्त टीम 21 अप्रैल की शाम माओवादी विरोधी अभियान पर निकली थी। शाम करीब 5:30 बजे केरपे और तोड़समपारा के मध्य जंगल में घात लगाए माओवादियों ने पुलिस पार्टी पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने वेल्ला वाचम को ढेर कर दिया।
मुठभेड़ स्थल से एक 315 बोर की रायफल, जिंदा राउंड, विस्फोटक सामग्री, पोच समेत कई माओवादी सामग्रियां बरामद की गई हैं।
बीजापुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव और दंतेवाड़ा रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक कमलोचन कश्यप ने संयुक्त रूप से मुठभेड़ की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वेल्ला वाचम अम्बेली ब्लास्ट सहित कई नक्सली घटनाओं में शामिल रहा है।
बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी. ने बताया कि वर्ष 2025 के शुरुआती 112 दिनों में ही सुरक्षा बलों ने कुल 125 हार्डकोर माओवादियों को मुठभेड़ में मार गिराया है। इसके अलावा 213 माओवादियों को गिरफ्तार किया गया है और 179 ने आत्मसमर्पण किया है।
सरकार के निर्देश और जनता के समर्थन के साथ सुरक्षा बलों की यह मुहिम बस्तर में शांति, सुरक्षा और विकास की दिशा में एक बड़ा कदम है। DRG, STF, CoBRA, CRPF, BSF, ITBP, CAF और बस्तर फाइटर्स सहित सभी सुरक्षा बल एकजुट होकर मिशन मोड में अभियान को अंजाम दे रहे हैं।




