मौसम अलर्ट : इन इलाकों में आंधी-बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना….

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : प्रदेश के कई हिस्सों में आज हल्की आंधी चलने के आसार हैं, हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है। साथ ही कई ज़िलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कोई चेतावनी जारी नहीं की है, लेकिन लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर ज़िलों में बिजली, गरज और बारिश के साथ तेज हवा चल सकती है। 8 अगस्त से पूरे प्रदेश में मेघगर्जन और वज्रपात की गतिविधि में वृद्धि होने की संभावना है, साथ ही मध्यम वर्षा के आसार हैं।
12 अगस्त से छत्तीसगढ़ में व्यापक वर्षा हो सकती है, जिसमें चरम उत्तर छत्तीसगढ़ के ज़िलों में भारी बारिश की चेतावनी है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के सभी संभागों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में और सबसे कम 22.8 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में दर्ज हुआ।
मौसम का वैज्ञानिक विश्लेषण कहता है औसत समुद्र तल पर मानसून की द्रोणिका फिरोजपुर, चंडीगढ़, हिमालय की तलहटी से होते हुए उत्तर-पूर्व अरुणाचल प्रदेश तक फैली हुई है।बांग्लादेश के मध्य भागों में 3.1 से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। पश्चिम बंगाल के गंगा क्षेत्र और उत्तरी ओडिशा के ऊपर 5.8 किलोमीटर ऊंचाई पर एक और चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।
तटीय कर्नाटक से उत्तर तमिलनाडु और दक्षिण-पश्चिम खाड़ी तक 1.5 से 3.1 किलोमीटर ऊंचाई पर द्रोणिका बनी हुई है।मौसम विभाग की सलाह है की बिजली कड़कने के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें। खेती-बाड़ी करने वाले किसान सुरक्षित स्थान पर चले जाएं।




