मौसम अलर्ट : कई इलाकों में बारिश व बिजली गिरने की संभावना…..

छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र अब धीरे-धीरे और मजबूत होता जा रहा है। पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में सक्रिय यह सिस्टम अगले 24 घंटों में डिप्रेशन का रूप ले सकता है। संभावना जताई गई है कि यह सिस्टम 19 अगस्त की सुबह ओडिशा और आंध्रप्रदेश के तटीय इलाकों से टकराएगा।
इसी प्रभाव से प्रदेश में मानसून ट्रफ इस समय जैसलमेर, उदयपुर, रतलाम, विदर्भ और जगदलपुर होते हुए बंगाल की खाड़ी तक फैला हुआ है। इस कारण छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है, वहीं कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात भी होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि बारिश और वज्रपात के दौरान सावधानी बरतें, खुले स्थानों पर खड़े न हों और सुरक्षित जगहों पर शरण लें। आने वाले दिनों में यह सिस्टम पूरे प्रदेश में व्यापक बारिश का कारण बन सकता है।




