छत्तीसगढ़ में मौसम का अलर्ट: अगले चार दिन भारी बारिश की चेतावनी, सतर्क रहने की अपील

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : छत्तीसगढ़ में एक बार फिर से मौसम ने रफ्तार पकड़ ली है। आने वाले चार दिनों तक प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने 27 से 30 जुलाई के बीच एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
पिछले 24 घंटों में छत्तीसगढ़ के अधिकांश जिलों में बारिश हुई है। बस्तर और दुर्ग संभाग के कुछ हिस्सों में भारी बारिश रिकॉर्ड की गई है।बारिश के मुख्य आंकड़ों पर नज़र डालें तो भानुप्रतापपुर में 10 सेमी, बड़े बचेली में 9 सेमी और औंधी में 7 सेमी बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा खड़गांव, दुर्गकोंदल, कोटा, दौरा कोचली और मानपुर सहित दर्जनों जगहों पर 4 से 6 सेमी तक बारिश दर्ज की गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश पर बना सुस्पष्ट निम्न दबाव का क्षेत्र फिलहाल वहीं बना हुआ है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण ऊपरी वायुमंडल तक फैला है, और धीरे-धीरे कमजोर पड़ने की संभावना है। इसी सिस्टम से जुड़ी एक द्रोणिका रेखा उत्तर-पूर्व बांग्लादेश तक बनी हुई है, जिससे छत्तीसगढ़ में लगातार नमी आ रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
वहीं एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। दो दिन बाद भी भारी बारिश और वज्रपात की स्थिति बनी रह सकती है।अगर आप छत्तीसगढ़ में हैं, तो मौसम से जुड़ी हर अपडेट पर नज़र बनाए रखें। भारी बारिश के दौरान घर से बाहर निकलने से बचें और सुरक्षित स्थान पर रहें।
हमारी अपील है – सावधानी ही सुरक्षा है।



