ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात दो जवानों को तेज रफ्तार पिकअप ने रौंदा, आरोपी फरार….

रायपुर में बुधवार रात एक और दिल दहला देने वाली हिट एंड रन की घटना सामने आई है। तेलीबांधा चौक पर ड्यूटी कर रहे दो ट्रैफिक जवानों को एक तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसा 4 जून की रात करीब 9 से 9:30 बजे के बीच हुआ, जब सिपाही केशव क्षत्रिय और रज्जब खां ट्रैफिक नियंत्रण में लगे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टाटीबंध की ओर से आ रही पिकअप ने पहले सिग्नल तोड़ा और फिर जवानों को जानबूझकर रौंदते हुए महासमुंद रोड की ओर फरार हो गई। हादसे में सिपाही रज्जब खां का हाथ और केशव क्षत्रिय का पैर टूट गया। दोनों घायलों को तत्काल रामकृष्ण अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
इस दौरान पिकअप ने कुछ अन्य वाहनों को भी क्षति पहुंचाई। पुलिस ने वाहन का नंबर ट्रेस कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




