24 टन कबाड़ से भरा ट्रक जब्त, 53 क्विंटल सरिया बरामद….

रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 23 लाख रुपये की संपत्ति जप्त की है। कार्रवाई जूटमिल और छाल थाना पुलिस ने की है।
जूटमिल पुलिस ने पटेलपाली सब्जी मंडी के पास ओडिशा पासिंग ट्रक से करीब 24 टन अवैध कबाड़ बरामद किया। पुलिस के मुताबिक ट्रक चालक प्रमोद कुमार यादव कबाड़ से जुड़े वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। पुलिस ने करीब 20 लाख रुपये कीमत का ट्रक और कबाड़ जब्त कर कार्रवाई की है।
वहीं छाल थाना पुलिस ने ग्राम बेहरामार में छापेमारी कर 53 क्विंटल लोहे का सरिया बरामद किया। पुलिस को सरिया चोरी का होने की सूचना मिली थी। पूछताछ में आरोपी भोजराम पटेल भी सरिया से जुड़े दस्तावेज नहीं दिखा सका। बरामद सरिया की कीमत करीब 3 लाख 15 हजार रुपये बताई जा रही है।एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा है कि जिले में अवैध कबाड़ और चोरी के सामान के कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




