बोर्ड परीक्षा परिणाम सुधारने एमसीबी प्रशासन का बड़ा अभियान।

(राम प्रसाद गुप्ता) : एमसीबी। जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) में बोर्ड परीक्षा 2026 के परिणामों में सुधार लाने तथा पूरक एवं अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों को दोबारा सफलता दिलाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने विशेष शैक्षणिक अभियान प्रारंभ किया है। नवपदस्थ कलेक्टर चंदन देवी जांगड़े की विशेष पहल पर जिले के हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में नियमित अतिरिक्त कक्षाएं संचालित की जा रही हैं।
जिले में कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 में कुल 4860 विद्यार्थी दर्ज थे, जिनमें से 4722 विद्यार्थी परीक्षा में उपस्थित हुए। इनमें 2764 विद्यार्थी उत्तीर्ण घोषित किए गए। पूरक परीक्षा हेतु कुल 575 विद्यार्थी चिन्हित किए गए, जिनमें 167 बालक एवं 208 बालिकाएं शामिल हैं। वहीं 1536 विद्यार्थी अनुत्तीर्ण रहे, जिनमें 779 बालक एवं 757 बालिकाएं शामिल हैं। जिले का कुल परीक्षा परिणाम 58.12 प्रतिशत दर्ज किया गया है।
बोर्ड परीक्षा परिणामों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने शिक्षा विभाग को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। इसी क्रम में 15 मई 2026 को जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, हाईस्कूल, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय एवं एकलव्य आवासीय विद्यालयों के कुल 84 प्राचार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यार्थियों के कमजोर शैक्षणिक स्तर को सुधारने, पूरक परीक्षा में अधिक से अधिक सफलता सुनिश्चित करने तथा नियमित अध्यापन व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले के सभी शासकीय हाईस्कूल एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में 18 मई 2026 से विशेष अध्ययन कक्षाएं प्रारंभ कर दी गई हैं। इन कक्षाओं का संचालन प्रतिदिन प्रातः 7:00 बजे से 11:00 बजे तक किया जा रहा है। विद्यालयों में स्वयं प्राचार्य एवं विषय विशेषज्ञ शिक्षक विद्यार्थियों को पढ़ा रहे हैं। साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी एवं तीनों विकासखंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा नियमित मॉनिटरिंग भी की जा रही है।
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा प्रातः 6:30 बजे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मनेन्द्रगढ़, ई संवर्ग एवं टी संवर्ग विद्यालयों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कक्षा 10वीं एवं 12वीं विज्ञान संकाय की छात्राएं अध्ययनरत मिलीं। विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती अलका ज्योति स्वयं उपस्थित रहकर शिक्षण व्यवस्था का संचालन करती पाई गईं।
इसके अतिरिक्त शासकीय हाई स्कूल खोंगापानी एवं छिपछिपी विद्यालय का भी निरीक्षण किया गया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बुंदेली में प्राचार्य श्री कैवर्त स्वयं उपस्थित होकर कॉमर्स विषय का अध्यापन कराते पाए गए। यहां कृषि संकाय एवं अन्य विषयों के विद्यार्थी भी नियमित रूप से अध्ययन करते मिले।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी मनेन्द्रगढ़ द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेलबहरा, बरबसपुर एवं कोठारी का निरीक्षण किया गया। वहीं विकासखंड शिक्षा अधिकारी खड़गवां आर.एन. मिश्रा ने सेजेस खड़गवां, बरदर, फुनगा एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जरौंधा का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान प्राचार्य, शिक्षक एवं विद्यार्थी नियमित रूप से अध्यापन कार्य में संलग्न पाए गए।
इसी प्रकार विकासखंड भरतपुर में विकासखंड शिक्षा अधिकारी सचिदानंद साहू द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जनकपुर, बालक भरतपुर, स्वामी आत्मानंद स्कूल भरतपुर, देवगढ़, माड़ीसरई, कोटाडोल एवं डोमहरा विद्यालयों का निरीक्षण किया गया। सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति संतोषजनक पाई गई तथा अध्ययन कार्य नियमित रूप से संचालित होता मिला।
जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग का कहना है कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार लाने, पूरक परीक्षा में सफलता सुनिश्चित करने तथा आगामी वर्षों में बोर्ड परीक्षा परिणाम बेहतर बनाने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी रहेगा।




