गुरु-चेला विवाद में किन्नर की हत्या, पुलिस ने चंद घंटों में आरोपी को किया गिरफ्तार

बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र में किन्नर तन्नू खान की हत्या के मामले का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, गुरु-चेला बनाने को लेकर हुए विवाद के बाद किन्नर रिया उर्फ राकेश ने गला दबाकर तन्नू खान की हत्या कर दी। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि तन्नू खान, वर्षा जान और मीरा उर्फ आशीष आपस में गुरु भाई थे। 20 जुलाई को सभी जोकी स्थित मीरा के घर पर एकत्र हुए, जहां खाना खाने और शराब पीने के दौरान गुरु-चेला प्रथा को लेकर तन्नू खान और रिया उर्फ राकेश के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों वहां से निकल गए, जिसके बाद तन्नू खान लापता हो गई।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी रिया उर्फ राकेश ने गुरु-चेला विवाद के चलते गला दबाकर हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मृतका का मोबाइल, चप्पल और अन्य सामान बरामद किया। सकरी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।




