सिरगिट्टी पुलिस ने सुलझाया अनसुलझा मर्डर केस, दो आरोपी गिरफ्तार, पहचान छिपाने शव को जलाया था

(आशीष मौर्य संपादक/मयंक सिंह) : बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना पुलिस ने एक महीने पुराने अधजली लाश के सनसनीखेज मामले का सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। होटल ग्रैण्ड लोटस के पीछे सब्जी मंडी रोड तिफरा में 7 नवंबर 2025 को एक अज्ञात युवक का अधजला शव मिला था, जिसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। तकनीकी साक्ष्य, टावर डंप, मोबाइल सर्विलांस और व्यापक पूछताछ के आधार पर मृतक की पहचान होने के बाद हत्या के दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान गोपाल पिता मुन्ना कोल, उम्र 26 वर्ष, निवासी सेमिया नेवारी थाना जुगैल, जिला सोनभद्र (उत्तरप्रदेश) के रूप में हुई। पहचान सामने आने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में सिरगिट्टी, सिविल लाइन, सरकंडा, तारबाहर, ACCU और साइबर सेल की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई, जिसने हर दिशा में जांच को आगे बढ़ाया।
जांच में सामने आया कि घटना की रात मृतक गोपाल होटल ग्रैण्ड लोटस के पीछे सड़क किनारे शराब पी रहा था, उसी दौरान आरोपी अरुण दास मानिकपुरी और धनेश लोधी उर्फ राजू भी वहां पहुंचे। शराब सेवन के दौरान मृतक और आरोपी धनेश के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद दोनों आरोपियों ने मिलकर मृतक से मारपीट की और पास पड़े पत्थर से सिर पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना छिपाने की नीयत से दोनों ने शव और कपड़ों को जला कर पहचान मिटाने की कोशिश की।
लगातार निगरानी, संदिग्धों की गतिविधियों का विश्लेषण, टावर लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ पर दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और टीमवर्क की बदौलत इस अनसुलझे मामले को सुलझाया जा सका।




