सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए संयुक्त टीम ने किया ब्लैक स्पॉट्स का निरीक्षण…..

बिलासपुर में सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण पाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर एक संयुक्त टीम एक्शन मोड में आ गई है।
टीम द्वारा जिले के सभी ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित स्थलों का सुरक्षा ऑडिट कर सुधारात्मक उपाय किए जा रहे हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के नेतृत्व में गठित इस टीम में यातायात पुलिस के साथ-साथ नेशनल हाईवे अथॉरिटी, पीडब्ल्यूडी, ग्रामीण सड़क विभाग, नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, वन विभाग समेत विभिन्न एजेंसियों के अधिकारी शामिल हैं। टीम ने जिले के छह प्रमुख ब्लैक स्पॉट का निरीक्षण कर बारीकी से दुर्घटना के कारणों का आकलन किया और बिंदुवार सुधारात्मक रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि नेशनल हाईवे और ग्रामीण सड़कों पर अतिक्रमण, असुरक्षित निर्माण और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण हैं। ऐसे सभी स्थानों पर रंबल स्ट्रिप, रेलिंग लगाने, डिवाइडर की ओपनिंग बंद करने और अतिक्रमण हटाने जैसे उपाय तत्काल करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, हाईवे किनारे होटल, ढाबा और पेट्रोल पंप संचालकों को भी पार्किंग और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने सभी विभागों को उनके संबंधित सुधार कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही संयुक्त टीम ब्लैक स्पॉट की निरंतर मॉनिटरिंग करती रहेगी ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।
निरीक्षण में यातायात पुलिस, एनएचएआई के भोपाल एवं स्थानीय अधिकारी, पीडब्ल्यूडी, पुलिस थाने के अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।




