बिलासपुर

पारंपरिक डफली-बाजे के साथ निकली मां सोलापुरी की भव्य शोभायात्रा, श्रद्धालुओं ने लिया आशीर्वाद

 

Advertisement

बिलासपुर – श्री सोलापुरी माता पूजा सेवा समिति द्वारा आयोजित माता पूजा रजत जयंती समारोह के तहत शुक्रवार को मां सोलापुरी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। दोपहर बाद लोको कॉलोनी स्थित त्रिपुर सुंदरी मां मरी माई मंदिर में खड़कपुर से आए पुजारी पार्थ सारथी और पांच बाल पुजारियों ने गीली हल्दी से देवी प्रतिमा का निर्माण कर विशेष श्रृंगार किया।

Advertisement

संध्या होते ही परंपरागत डफली और बाजे की मधुर धुन के साथ शोभायात्रा की शुरुआत हुई। मां सोलापुरी की सवारी को बाल पुजारियों ने शीश पर धारण कर यात्रा का नेतृत्व किया। श्रद्धालुओं ने रास्ते में झाडू लगाकर और जल छिड़क कर स्वागत किया। जगह-जगह हल्दी और नीम युक्त जल से देवी का अभिषेक किया गया और भक्तों ने आशीर्वाद के लिए सड़क पर लेटकर देवी प्रतिमा को अपने ऊपर से गुजरने दिया।

शोभायात्रा न्यू लोको कॉलोनी, नयापारा, अन्नपूर्णा कॉलोनी, हेमू नगर ओवरब्रिज और कासिमपारा सहित रेलवे कॉलोनियों से होती हुई बारह खोली स्टेशन रोड स्थित पंडाल तक पहुंची। यहां वैदिक मंत्रोच्चार के साथ देवी की प्राण प्रतिष्ठा की गई। आयोजन समिति के अध्यक्ष वी. रामा राव ने बताया कि रजत जयंती वर्ष में भव्य विद्युत सज्जा और विशेष प्रसाद के साथ समारोह का आयोजन किया जा रहा है। 4 मई तक देवी के विभिन्न स्वरूपों की स्थापना कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाएगी।

 

Related Articles

Back to top button