छत्तीसगढ़ में ATS की बड़ी कार्रवाई, दो नाबालिग संदिग्ध गिरफ्तार, ISIS से जुड़े होने का आरोप….

रायपुर – फरीदाबाद मॉड्यूल, दिल्ली ब्लास्ट और नौगाम ब्लास्ट के बाद अब देश में सुरक्षा एजेंसियां लगातार बड़े खुलासे कर रही हैं। छत्तीसगढ़ ATS ने रायपुर से ISIS से जुड़े दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया है।
ATS के अनुसार, दोनों नाबालिग सोशल मीडिया के जरिए ISIS से प्रभावित हुए और संगठन के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे थे। पाकिस्तान आधारित ISIS मॉड्यूल ने इंस्टाग्राम पर फेक आईडी बनाकर इन युवाओं से संपर्क किया। ग्रुप चैट्स के माध्यम से उन्हें जिहादी विचारधारा से प्रभावित किया गया और देश में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की ट्रेनिंग दी जा रही थी।
सूत्रों के मुताबिक, ATS को दोनों पर पहले से शक था। उनकी ऑनलाइन गतिविधियों की निगरानी की गई और जब देश-विरोधी गतिविधियां प्रमाणित हो गईं, तो दोनों को हिरासत में ले लिया गया। दोनों नाबालिगों को पूछताछ के बाद मामले में FIR दर्ज की गई है।लगातार हो रहे खुलासों ने सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट मोड पर ला दिया है, और सोशल मीडिया के जरिए फैल रहे आतंकी नेटवर्क पर कड़ी निगरानी की जा रही है।




