आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी, लोगों से सतर्क रहने की अपील

(भूपेन्द्र सिंह राठौर) – छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मौसम विभाग ने कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग रायपुर केंद्र की ओर से जारी जिला स्तरीय नाउकास्ट के मुताबिक प्रदेश के कई जिलों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। यह चेतावनी दोपहर 1 बजकर 24 मिनट तक प्रभावी रहेगी।मौसम विभाग ने उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर और कोरबा समेत कई जिलों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की आशंका जताई है।
इसके अलावा कोंडागांव, बालोद, राजनांदगांव, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना है।वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर समेत दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भी गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का अनुमान लगाया गया है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है। किसानों और ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।फिलहाल प्रदेशभर में मौसम का मिजाज बदला हुआ है और अगले कुछ घंटों तक कई जिलों में तेज आंधी और बारिश का असर देखने को मिल सकता है।




