पत्रकारों पर हमला करने वाले तीन गिरफ्तार….

राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में पत्रकारों पर हमले का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए दिल्ली, भोपाल और रायपुर के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, 12 जून 2025 को पत्रकार गायत्री सिंह और कैमरामैन प्रीतेश बंजारे, भाटागांव स्थित वीरेंद्र सिंह तोमर के घर के बाहर मीडिया कवरेज कर रहे थे। तभी दिल्ली निवासी संगीता सिंह, भोपाल निवासी प्रभंजन सिंह और रायपुर की शुभ्रा सिंह (उर्फ नेहा तोमर) वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया।
प्राथमिकी के अनुसार, आरोपियों ने पत्रकारों को जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया, मारपीट की और कैमरा व मोबाइल फोन को तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपियों ने धमकी भी दी और मीडिया को लगातार अपशब्द कहे।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह के निर्देशन में और नगर पुलिस अधीक्षक राजेश देवांगन के पर्यवेक्षण में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सभी तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों के खिलाफ थाना पुरानी बस्ती में अपराध क्रमांक 235/2025 के तहत धारा 296, 115(2), 351(2), 304(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि इस प्रकार के कृत्यों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पत्रकारों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी।




