मुंगेली

चोरी का खुलासा, पुलिस ने दो चोर और एक कबाड़ी को किया गिरफ्तार

(मनीष नामदेव) : मुंगेली जिले में पुलिस ने तेज़ कार्रवाई करते हुए चोरी के एक मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी का सामान बरामद कर दो आरोपियों और चोरी का माल खरीदने वाले एक कबाड़ी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

Advertisement

पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। मामला थाना सिटी कोतवाली मुंगेली का है, जहां एस.टी. इलेक्ट्रिकल्स प्राइवेट लिमिटेड के स्टोर इंचार्ज सौरभ श्रीवास ने कंपनी के स्टोर से विद्युत सामग्री चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच में करीब एक लाख अड़तीस हजार रुपये की सामग्री चोरी होना पाया गया।

Advertisement

मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल और सिटी कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गडगडिया नाला के पास स्थित एक कबाड़ी दुकान में छापा मारकर चोरी का सामान बरामद किया। पूछताछ में सामने आया कि कंपनी के ही दो कर्मचारियों ने चोरी की सामग्री कबाड़ी को बेची थी।

 

पुलिस ने आरोपी कबाड़ी असगर खान, तथा चोरी में शामिल तामरज साहू और भुनेश्वर साहू को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की सामग्री और नकद राशि भी बरामद की गई है। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

 

इस कार्रवाई में साइबर सेल और सिटी कोतवाली मुंगेली पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। मुंगेली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों पर सख्ती जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button