छत्तीसगढ़ में फिर बढ़ेगी ठंड, कई इलाकों में शीत लहर की चेतावनी

छत्तीसगढ़ में ठंड का असर एक बार फिर तेज़ होने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो इलाकों में शीत लहर की स्थिति बन सकती है। हालांकि प्रदेशभर में अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
मौसम विभाग ने बताया कि फिलहाल पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है और कहीं भी बारिश की संभावना नहीं है। बीते 24 घंटों के दौरान भी प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। इस दौरान अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस के साथ अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा।
ठंडी हवाओं के चलते उत्तर छत्तीसगढ़ के इलाकों में सुबह और शाम के समय ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विभाग ने शीत लहर को लेकर चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। घर से बाहर निकलते समय गर्म कपड़े पहनने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।




