छत्तीसगढ़ में SIR की समयसीमा बढ़ी, अब 18 दिसंबर तक चलेगा विशेष पुनरीक्षण अभियान

छत्तीसगढ़ में चुनाव आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण—यानि SIR—की समयसीमा को बढ़ा दिया है। पहले यह प्रक्रिया 11 दिसंबर को समाप्त होनी थी, लेकिन अब इसे एक सप्ताह और बढ़ाकर 18 दिसंबर तक कर दिया गया है। आयोग ने इस संबंध में आधिकारिक नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया है।
समय सीमा बढ़ने के बाद नागरिकों को फॉर्म भरने के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है। इससे वे बिना किसी जल्दबाज़ी के अपने विवरणों को सही कर सकते हैं अथवा नया मतदाता पंजीकरण कर सकते हैं।
उधर, प्रदेश के कई जिलों में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य जारी है। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर एन्यूमरेशन फॉर्म का वितरण कर रहे हैं और मतदाताओं से जानकारी एकत्र कर रहे हैं। यह प्रक्रिया प्रदेश में मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
आयोग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय के भीतर आवश्यक फॉर्म भरकर अपनी जानकारी सुनिश्चित रूप से अपडेट कराएं, ताकि आगामी चुनावों में किसी प्रकार की परेशानी न हो।




