गुरु घासीदास विश्वविद्यालय में ‘प्री-होली’ के रंग में पड़ा भंग, छात्रों के दो गुटों में जमकर चले लात-घूंसे

(आशीष मौर्य संपादक) : बिलासपुर – गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित ‘प्री-होली सेलिब्रेशन’ के दौरान माहौल उस वक्त तनावपूर्ण हो गया जब छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए। जानकारी के मुताबिक, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) द्वारा आयोजित इस उत्सव के दौरान किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
घटना का एक वीडियो फुटेज भी सामने आया है, जिसमें छात्र एक-दूसरे पर लात-घूंसे और मुक्के बरसाते नजर आ रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद इतना बढ़ गया था कि बीच-बचाव करने आए अन्य छात्र और सुरक्षाकर्मी भी बेबस नजर आए।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे कैंपस के भीतर सरेराह मारपीट की जा रही है।विश्वविद्यालय परिसर में हुई इस गुंडागर्दी के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल, विश्वविद्यालय प्रशासन इस मामले की जांच कर रहा है और वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रवी छात्रों की पहचान की जा रही है।




