बीजापुर के जंगल में मुठभेड़: दो माओवादी ढेर, हथियार बरामद

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिला में एक बार फिर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। थाना जांगला क्षेत्र के जंगलों में आज सुबह सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम और माओवादियों के बीच आमने-सामने की भिड़ंत हुई। इस मुठभेड़ में दो वर्दीधारी माओवादियों के मारे जाने की पुष्टि जिला पुलिस अधीक्षक ने की है।
पुलिस के अनुसार, इन्द्रावती नदी क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की आसूचना पर संयुक्त टीम एंटी-नक्सल अभियान पर निकली थी। सर्चिंग के दौरान सुबह अचानक मुठभेड़ शुरू हो गई, जिसमें दोनों ओर से जमकर गोलीबारी हुई। मुठभेड़ के बाद इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
तलाशी के दौरान मौके से दो माओवादियों के शव बरामद किए गए। साथ ही एक SLR राइफल, एक INSAS राइफल, एक 12 बोर राइफल, विस्फोटक सामग्री और अन्य माओवादी सामग्री भी जब्त की गई है। सुंदरराज पी, पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज ने बताया कि क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन अभी जारी है और विस्तृत रिपोर्ट पृथक से जारी की जाएगी।




