चचेरे मामा ने तीन माह के भांजे की टांगी से की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
जशपुर। जिले के थाना सन्ना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पिपरापाठ नन्हेसर में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। घरेलू विवाद के दौरान चचेरे मामा ने अपने ही तीन माह के भांजे की टांगी के हत्थे से वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार यह घटना 17 दिसंबर 2025 की शाम करीब 5 बजे की है। पीड़िता संगीता पति बासु राम, उम्र 22 वर्ष, अपने तीन माह के बच्चे को पीठ में कपड़े से बांधकर घर के सामने खड़ी थी। इससे पहले गांव के कुएं के पास पानी भरते समय संगीता का आरोपी रतन राम की पत्नी से विवाद हुआ था।
इसी विवाद को लेकर आरोपी रतन उर्फ रतनू राम, उम्र 21 वर्ष, हाथ में टांगी लेकर मौके पर पहुंचा और जान से मारने की धमकी देते हुए संगीता पर हमला कर दिया। वार से बचने के लिए संगीता नीचे झुक गई, जिससे टांगी का हत्था उसकी पीठ में बंधे तीन माह के बच्चे को लगा और बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना पर थाना सन्ना पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम कराया। डॉक्टरों ने शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में मौत का कारण टांगी के हत्थे से लगी चोट बताया है।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपराध स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। साथ ही हत्या में प्रयुक्त टांगी को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और पुलिस ने त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की है।



