5 साल से फरार चल रहा करोड़ो की ठगी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार…

रायपुर – पिछले पाँच साल से फरार चल रहा करोड़ों की ठगी का मास्टरमाइंड राकेश भभूतमल जैन आखिरकार पुलिस की पकड़ में आ गया है। आरोपी पर करीब 50 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी का आरोप है और राजधानी समेत कई जिलों में उसके खिलाफ कुल 16 से ज्यादा प्राथमिकी दर्ज हैं।
सूत्रों के मुताबिक राकेश भभूतमल जैन लोगों के आधार और पैन कार्ड की कॉपी लेकर उनके नाम पर 5 से अधिक बैंकों से लोन निकालता था। वह फर्जी साइन कर लोगों की पहचान का दुरुपयोग करता था और रकम अपने खातों में ट्रांसफर कर लेता था।
इसके अलावा आरोपी ने शेयर मार्केट में 10% मुनाफा देने के नाम पर भी करोड़ों की ठगी की, जिसमें डॉक्टर, अधिकारी और कारोबारी तक शिकार हुए। आरोप है कि वह अलग-अलग स्कीम बनाकर निवेशकों से मोटी रकम वसूलता और फिर गायब हो जाता था।
करीब 50 करोड़ से अधिक की ठगी के बाद वह 5 साल पहले फरार हो गया था, जिसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया था और कोर्ट ने गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया था।
रायपुर के कोतवाली, मौदहापारा और टिकरापारा थानों में 4 FIR दर्ज हैं, जबकि रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव सहित कई जिलों में कुल 12 FIR मामलों में उसकी तलाश जारी थी। यही नहीं, ACB/EOW में भी आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज है।
आज EOW की टीम ने कोर्ट की अनुमति से आरोपी को हिरासत में लिया है। जल्द ही पुलिस उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड की मांग कर सकती है, ताकि ठगी के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी है और आगे और भी खुलासे होने की उम्मीद है।




