प्रयागराज में माघ मेला शुरू, लाखों श्रद्धालुओं ने किया त्रिवेणी स्नान

प्रयागराज में महाकुंभ के बाद पड़ रहे पहले माघ मेला का विधिवत शुभारंभ हो गया है। मेला शुरू होते ही देश-प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु त्रिवेणी संगम पर स्नान के लिए पहुंचने लगे हैं। शुक्रवार सुबह आठ बजे तक करीब साढ़े छह लाख श्रद्धालु गंगा स्नान कर चुके थे। अब तक कई प्रमुख संत-महात्मा भी संगम में आस्था की डुबकी लगा चुके हैं। किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर कल्याणी नंद गिरी अपने अनुयायियों के साथ स्नान के लिए मेला क्षेत्र में पहुंचीं।
लाखों कल्पवासी और संन्यासी शुक्रवार को ही संगम तट पर डेरा डाल चुके हैं। प्रशासन के अनुसार शुक्रवार शाम तक 12 से 15 लाख श्रद्धालुओं और कल्पवासियों के मेला क्षेत्र में पहुंचने का अनुमान है। कल्पवासी संगम की रेती पर एक माह तक कठिन तपस्या करेंगे, जबकि साधु-संत अपने शिविरों में प्रवचन, साधना और धार्मिक गतिविधियों में लीन रहेंगे।
इस माघ मेला में पहली बार अलग लोगो जारी किया गया है। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बाइक सेवा शुरू की गई है, जिससे संगम के पास तक पहुंचना आसान होगा। इसके अलावा बिजली के खंभों पर क्यूआर कोड लगाए गए हैं, जिनके जरिए श्रद्धालु अपनी शिकायत दर्ज कर सकेंगे। प्रशासन का दावा है कि शिकायतों पर त्वरित मदद उपलब्ध कराई जाएगी।




