बिलासपुर
नहर में मिली अज्ञात युवक की लाश, पुलिस जांच में जुटी

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एनटीपीसी मटेरियल गेट के सामने बहेरा पुल के पास नहर में एक अज्ञात युवक का शव मिला। सुबह करीब 11 बजे राहगीरों ने पानी में तैरता हुआ शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सीपत थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार शव करीब 24 घंटे पुराना प्रतीत हो रहा है। मृतक की उम्र लगभग 30 से 32 वर्ष बताई जा रही है।
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि मृतक की पहचान पता लगाने की कोशिश जारी है।मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद स्पष्ट होगा। फिलहाल पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर जांच में जुटी हुई है।




