पुलिस क्वार्टर में महिला आरक्षक की संदिग्ध मौत….फांसी पर लटका मिला शव

रायपुर के आजाद चौक थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पुलिस क्वार्टर में एक महिला आरक्षक की फांसी के फंदे पर लटकी हुई लाश मिली। मृतिका की पहचान पूजा कुशवाहा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
बताया जा रहा है कि यह घटना शनिवार रात करीब 8:30 बजे की है। सूचना मिलने पर आजाद चौक थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से नीचे उतारा और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, हालांकि मौत के पीछे की असली वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।




