रायपुर में विदेशी छात्र की संदिग्ध मौत….!

रायपुर – मेट्स यूनिवर्सिटी में दाखिला लेने आए 22 वर्षीय विदेशी छात्र की संदिग्ध मौत हो गई है। मृतक की पहचान साउथ अफ्रीकी नागरिक सेनजेलवे सिसोनके निकमबुले के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, छात्र का बैग मुंबई एयरपोर्ट पर चोरी हो गया था, जिसमें उसकी मानसिक रोग की दवाइयां रखी हुई थीं। बैग चोरी होने के बाद उसकी तबीयत लगातार बिगड़ रही थी। यही नहीं, मुंबई में छात्र की मानसिक रोगी जैसी हरकतों के कई वीडियो भी वायरल हुए थे।परिजनों से भी उसका 3 दिन से संपर्क नहीं हो पा रहा था। इसके बाद साउथ अफ्रीकन एंबेसी ने हस्तक्षेप किया और यूनिवर्सिटी प्रबंधन के साथ छात्र को रायपुर के आंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
19 सितंबर को भर्ती कराया गया सेनजेलवे, इलाज के दौरान 22 सितंबर को दम तोड़ दिया। अब पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरी घटना की जांच देवेंद्र नगर थाना पुलिस कर रही है।फिलहाल, मौत की असली वजह सामने नहीं आई है, लेकिन माना जा रहा है कि दवाइयों की कमी और मानसिक बीमारी इसकी बड़ी वजह हो सकती है।




