प्राथमिक शाला में बच्चों की सुरक्षा पर सवाल, स्कूल परिसर में खोदा गया गड्ढा बना हादसे का खतरा

(धीरेंद्र मेहता) : बिलासपुर/बिल्हा। बिल्हा से लगे ग्राम भैंसगोड़ के प्राथमिक शाला परिसर में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। यहां आंगनवाड़ी भवन निर्माण के लिए स्कूल परिसर के भीतर ही गहरा गड्ढा खोद दिया गया है, जिससे स्कूली बच्चों पर हर समय दुर्घटना का खतरा मंडरा रहा है।बताया जा रहा है कि स्कूल में बच्चे उसी गड्ढे के आसपास खेलते और उछल-कूद करते नजर आते हैं। हाल ही में हुई बारिश के कारण गड्ढे में पानी भी भर गया है, जिससे खतरा और बढ़ गया है।
आशंका जताई जा रही है कि यदि कोई बच्चा खेलते समय गड्ढे में गिर गया, तो गंभीर हादसा हो सकता है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्कूल में मौजूद शिक्षक इस गंभीर स्थिति पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रहे हैं। गड्ढे के चारों ओर न तो सुरक्षा घेराबंदी की गई है और न ही किसी प्रकार का चेतावनी संकेत लगाया गया है।
ग्रामीणों और अभिभावकों ने प्रशासन से मांग की है कि बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए गड्ढे के चारों ओर तत्काल सुरक्षा व्यवस्था की जाए और निर्माण कार्य के दौरान आवश्यक सावधानियां बरती जाएं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।




