बिलासपुर

एटीआर मे घुसपैठ पर विधायक धर्मजीत का सख्त एतराज, वन्य प्राणियों की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश

(भूपेंद्र सिंह राठौर) बिलासपुर – तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह ने अचानकमार टाइगर रिज़र्व क्षेत्र में वन्यजीव सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने साफ कहा है कि भले ही अभी शिकार की कोई घटना सामने नहीं आई हो, लेकिन बिना अनुमति हथियार लेकर जंगलों में घूम रहे असामाजिक तत्वों पर सख़्ती बेहद ज़रूरी है। इसी को लेकर विधायक ने वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं।

Advertisement

तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह ने PCCF वाइल्डलाइफ अरुण कुमार पांडेय, CCF अभिषेक सिंह, ATR के फील्ड डायरेक्टर यू. आर. गणेश और बिलासपुर CCF मनोज पांडेय को निर्देश देते हुए कहा कि अचानकमार टाइगर रिज़र्व के पिछली सीमा से लगे खुडिया, वरापानी, मजुरहा, जमनाही और जकड़ बांधा क्षेत्रों में विशेष निगरानी की जाए। विधायक ने कहा कि जंगल में बिना अनुमति हथियार लेकर अनावश्यक रूप से घूमने वाले लोगों पर तत्काल रोक लगनी चाहिए। उन्होंने बिलासपुर से सीसीएफ को निर्देश दिए हैं कि इन इलाकों में जाकर स्थानीय स्तर पर बैठकें ली जाएँ और लगातार पेट्रोलिंग कराई जाए, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके। विधायक धर्मजीत सिंह ने कहा है कि वे इस पूरे मामले की दोबारा समीक्षा करेंगे और वन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठकर उन सभी खामियों को दूर करने का प्रयास करेंगे, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और वन्यजीवों की सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित की जा सके।

Advertisement

इस मामले में PCCF वाइल्डलाइफ अरुण कुमार पांडेय ने अचानकमार टाइगर रिज़र्व में सामने आए पुराने वीडियो और उस पर हुई कार्रवाई को लेकर कहा कि विभाग ने पूरी गंभीरता से कदम उठाए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई आरोपी सामने नहीं आता है, तो उसकी अनुपस्थिति में भी नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है और पंचनामा तैयार कर वैधानिक प्रक्रिया अपनाई जाती है।उन्होंने सोशल मीडिया पर लगाए गए मिलीभगत के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि आज के समय में अधिकारियों की मिलीभगत की कोई गुंजाइश नहीं है। हाँ, लापरवाही या उदासीनता की संभावना हो सकती है, जिस पर विभाग सख्त कार्रवाई करता है।

PCCF अरुण कुमार पांडेय ने बताया कि लापरवाही बरतने पर गेटमैन को बर्खास्त किया गया है, दो डिप्टी रेंजर्स के खिलाफ कार्रवाई की गई है और रेंजर को नोटिस जारी किया गया है। आने वाले समय में संवेदनशील इलाकों में पेट्रोलिंग और तेज़ की जाएगी और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।

 

Related Articles

Back to top button