उपसंभाग रतनपुर में “स्मार्ट मीटर पखवाड़ा” का आयोजन, उपभोक्ताओं को दी गई नई तकनीक की विस्तृत जानकारी

बिलासपुर में बिजली उपभोक्ताओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए विशेष पहल की गई है। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा उपसंभाग रतनपुर में “स्मार्ट मीटर पखवाड़ा” के तहत उपभोक्ता जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें स्मार्ट मीटर के फायदे और उपयोग की जानकारी दी गई।
भारत सरकार के केंद्रीय ऊर्जा मंत्रालय के निर्देशानुसार 09 से 23 फरवरी 2026 तक “स्मार्ट मीटर पखवाड़ा” मनाया जा रहा है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के बिलासपुर क्षेत्र अंतर्गत उपसंभाग रतनपुर में उपभोक्ता जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में उपसंभाग रतनपुर के सहायक अभियंता श्री राजेंद्र कुमार सहित तकनीकी स्टाफ और जीनस स्मार्ट मीटर के प्रतिनिधि मौजूद रहे। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय उपभोक्ताओं ने भाग लेकर स्मार्ट मीटर से जुड़ी जानकारियां प्राप्त कीं।अधिकारियों ने बताया कि स्मार्ट मीटर पूरी तरह स्वचालित प्रणाली है, जिससे मानवीय हस्तक्षेप समाप्त होगा और गलत रीडिंग या बिलिंग की समस्या से निजात मिलेगी। स्मार्ट मीटर पारदर्शी और सटीक बिलिंग सुनिश्चित करता है।
शिविर के दौरान उपभोक्ताओं को यह भी बताया गया कि वे “मोर बिजली” मोबाइल ऐप के माध्यम से अपने मीटर का लाइव डेटा, बैलेंस और बिजली खपत की जानकारी आसानी से देख सकते हैं। इससे उपभोक्ता अपनी बिजली खपत को नियंत्रित कर बिल में कमी ला सकते हैं।
इस दौरान उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली, रिले ऑफ यानी बिजली बंद होने की स्थिति में उठाए जाने वाले कदमों को लेकर सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा मौके पर ही समाधान किया गया।विभागीय टीमों द्वारा पखवाड़े के दौरान घर-घर जाकर भी लोगों को स्मार्ट मीटर के प्रति जागरूक किया जा रहा है।




