रायपुर पहुंचे RSS प्रमुख मोहन भागवत, दो बड़े कार्यक्रमों को करेंगे संबोधित.

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत आज रायपुर दौरे पर हैं। अपने प्रवास के दौरान वे राजधानी में आयोजित दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों को संबोधित करेंगे। संघ प्रमुख का यह दौरा छत्तीसगढ़ के मौजूदा सामाजिक हालात को देखते हुए खासा अहम माना जा रहा है।
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत कल देर रात रायपुर पहुंचे। आज सुबह करीब 10:30 बजे वे रायपुर एम्स परिसर के पास आयोजित युवा सम्मेलन कार्यक्रम में शिरकत करेंगे और युवाओं को संबोधित करेंगे।इसके बाद दोपहर 3 बजे रायपुर के सेजबहार क्षेत्र में आयोजित भव्य हिंदू सम्मेलन में मोहन भागवत उद्बोधन देंगे। इस सम्मेलन में रायपुर, बिलासपुर और धमतरी जिलों से करीब 25 हजार स्वयंसेवक और विभिन्न हिंदू संगठनों से जुड़े लोग शामिल होंगे।
छत्तीसगढ़ में बीते कुछ समय से धर्मांतरण के मामलों और आदिवासी व ईसाई समुदाय के बीच बढ़ते तनाव और हिंसा की घटनाओं के बीच संघ प्रमुख का यह दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।सम्मेलन को लेकर प्रशासन और आयोजकों की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। संघ प्रमुख के संबोधन पर प्रदेश भर की निगाहें टिकी हुई हैं।अब देखना होगा कि संघ प्रमुख मोहन भागवत अपने संबोधन में किन मुद्दों पर संदेश देते हैं और छत्तीसगढ़ के सामाजिक परिदृश्य को लेकर क्या दिशा तय करते हैं।




