छत्तीसगढ़ में थमेगी बारिश की रफ्तार, बढ़ेगी गर्मी और उमस

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों तक कई जिलों में मूसलाधार बारिश हुई, लेकिन अब मौसम अचानक करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने एक ओर बारिश में कमी की बात कही है, तो दूसरी ओर वज्रपात और तापमान बढ़ने की चेतावनी भी जारी की है।
बीते 24 घंटों में छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में बारिश हुई, जबकि मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी से अति भारी वर्षा दर्ज की गई। कुसमी में 15 सेंटीमीटर, मंदिर हसौद में 12 सेंटीमीटर और पचपेड़ी व दरी में 11-11 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।अब मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में बारिश की रफ्तार धीमी पड़ने वाली है। अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। यानी उमस बढ़ने के साथ गर्मी भी महसूस होगी।
हालांकि राहत की खबर नहीं है, क्योंकि अगले 24 घंटों में प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की गई है।मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी, लेकिन भारी बारिश की गतिविधियों में कमी देखने को मिलेगी।



