परिवार को बंधक बनाकर डकैती : 2 महिला समेत 5 आरोपी गिरफ्तार….

रायपुर – मुजगहन थाना क्षेत्र के कमल विहार स्थित कृष्णा हाइट्स फ्लैट में परिवार को बंधक बनाकर की गई डकैती की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और मुजगहन पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो महिला समेत कुल पाँच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक विधि के साथ संघर्षरत बालक भी शामिल है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार महिला आरोपी पूजा सचदेव का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड है। वह हत्या, मारपीट, आबकारी और नारकोटिक एक्ट सहित एक दर्जन से अधिक मामलों में जेल जा चुकी है। इसी गैंग ने 14 नवंबर की रात प्रार्थिया रोशिता तिर्की और उसके भाई-बहनों को बंधक बनाकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया था।
वारदात की रात आरोपियों ने खुद को पुलिस बताते हुए पीड़ित परिवार को धमकाया, मारपीट की और रस्सी से बांधकर कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने एटीएम से नगद राशि, लैपटॉप, गैस सिलेंडर और दोपहिया वाहन सहित कई सामान लूट लिए। घटना के बाद पुलिस टीम ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आरोपियों की पहचान कर दबिश देना शुरू किया।
टीम ने पूजा सचदेव, आसीमा राव, निखिल सचदेव, अंकित सोनी और एक बालक को पकड़ लिया। पूछताछ में सभी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने इनके कब्जे से लूटी गई दोपहिया वाहन, लैपटॉप, गैस सिलेंडर, बर्तन, 15 हज़ार रुपये नगद, छह मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 2 लाख 20 हजार रुपये बताई जा रही है।
इस मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर की गई इस संयुक्त कार्रवाई में एंटी क्राइम यूनिट और मुजगहन थाना पुलिस की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस आरोपियों के नेटवर्क और पिछले आपराधिक मामलों की भी जांच कर रही है। रायपुर पुलिस ने जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार करने का दावा किया है।




