एनएसएस शिविर में नमाज पढ़वाने पर धार्मिक भावनाएं आहत: प्रोफेसर व छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर। थाना कोनी पुलिस ने गुरू घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय द्वारा ग्राम शिवतराई, थाना कोटा क्षेत्र में आयोजित सात दिवसीय एनएसएस शिविर के दौरान नमाज पढ़वाने की घटना पर कड़ी कार्रवाई की है।
छात्रों की शिकायत पर पुलिस ने प्रो. दिलीप झा, डॉ. मधुलिका सिंह, डॉ. ज्योति वर्मा, डॉ. नीरज कुमारी, डॉ. प्रशांत वैष्णव, डॉ. सूर्यभान सिंह, डॉ. बसंत कुमार और टीम कोर लीडर छात्र आयुष्मान चौधरी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 196(ख), 197(1)(ख)(ग), 299, 302 और छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम की धारा 4 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
घटना 31 मार्च 2025 को एनएसएस शिविर के दौरान घटी थी, जिससे छात्रों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। मामला कोटा थाना क्षेत्र का होने से विवेचना के लिए केस डायरी को थाना कोटा को स्थानांतरित कर दिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।




