मुंगेली

बिजली चोरी पर लोरमी में ताबड़तोड़ कार्रवाई, FIR दर्ज….

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – लोरमी में बिजली चोरी के खिलाफ बिजली वितरण कंपनी ने बड़ी कार्रवाई की है। विजिलेंस टीम के साथ संयुक्त छापामार कार्रवाई में फार्म हाउस, बिग बाजार और ज्वेलर्स सहित 31 लोगों को अवैध कनेक्शन से बिजली उपयोग करते पकड़ा गया है। सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस को सौंप दिया गया है।

Advertisement

गर्मी की दस्तक के साथ ही बिजली की खपत बढ़ने लगी है। इसी बीच लोरमी क्षेत्र में लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर बिजली वितरण कंपनी और विजिलेंस टीम ने संयुक्त रूप से दबिश दी। कार्रवाई के दौरान अंजली बिग बाजार, दिनेश ज्वेलर्स, अनिल सलूजा फार्म हाउस सहित कई प्रतिष्ठानों में मीटर बायपास, डायरेक्ट हुकिंग और घरेलू कनेक्शन को व्यावसायिक उपयोग में लेते हुए बिजली चोरी पाई गई।

Advertisement

टीम ने मौके पर ही कनेक्शन काटकर पंचनामा तैयार किया और 31 आरोपियों के खिलाफ बिजली चोरी का प्रकरण बनाकर थाने में एफआईआर दर्ज कराई। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। जांच दल में तीन कार्यपालन यंत्री, आठ सहायक यंत्री, नौ कनिष्ठ यंत्री, 23 लाइन स्टाफ और विजिलेंस के 12 अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

 

अधीक्षण अभियंता एस.के. जांगड़े ने बताया चेकिंग अभियान के तहत विशेष टीम बनाकर जांच की गई। लगभग 28 से 31 लोग बिजली चोरी करते पाए गए हैं। सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है और प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। आगे भी अभियान जारी रहेगा।

 

बिजली कंपनी ने साफ किया है कि गर्मी के मौसम में बढ़ती मांग को देखते हुए चोरी के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button