थ्रेसर मशीन में गिरने से पूर्व पार्षद के पुत्र की मौत, जेसीबी से निकाला गया शव

(मनीष नामदेव) : मुंगेली जिले के लोरमी नगर पालिका वार्ड नंबर 1 पुटुपारा से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां पूर्व पार्षद धन्नू साहू के पुत्र महेंद्र साहू की थ्रेसर मशीन में फँसने से मौत हो गई।बताया जा रहा है कि महेंद्र साहू अपने खेत में धान की मिंसाई कर रहे थे। इसी दौरान धान को थ्रेसर में डालते समय उनका पैर अचानक फिसल गया और वे सीधे थ्रेसर मशीन में जा गिरे।
हादसा इतना भयावह था कि देखते ही देखते मशीन ने उन्हें पूरी तरह अंदर खींच लिया। स्थानीय लोगों ने किसी तरह मशीन को बंद कराया लेकिन तब तक महेंद्र मशीन में बुरी तरह फँस चुके थे।
गंभीर स्थिति को देखते हुए थ्रेसर में फंसे शव को जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है… वहीं आसपास के ग्रामीणों में भी दहशत का माहौल है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा… जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।




