राजकिशोर नगर लूटकांड,लगरा बाईपास पर मिली खाली गाड़ी,गहने गायब

(आशीष मौर्य संपादक) : बिलासपुर – न्यायधानी का पॉश इलाका राजकिशोर नगर मंगलवार की रात गोलियों की गूंज और चीख-पुकार से दहल उठा। टेलीफोन एक्सचेंज रोड पर अज्ञात बदमाशों ने लूट की एक ऐसी सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया, जिसने पुलिस प्रशासन की चौकसी पर सवालिया निशान लगा दिए हैं।देर रात पुलिस को एक सफलता तब मिली जब लूटी गई कार लगरा बाईपास के पास लावारिस हालत में बरामद हुई। हालांकि, बदमाश कार में रखे जेवर लेकर गायब होने में कामयाब रहे।पूरा मामला 17 फरवरी की रात करीब 9 बजे कि है ,जब प्रार्थी संतोष तिवारी अपनी रेनॉल्ट कार CG 10 AH 7707 से जा रहे थे।
इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। इससे पहले कि संतोष कुछ समझ पाते, बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बदमाशों ने उनके सिर पर हथौड़ी से वार किया, जिससे वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।मारपीट के बाद बदमाश संतोष तिवारी की कार छीनकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि कार के भीतर सोने-चांदी के एक करोड़ से अधिक कीमत के आभूषण रखे हुए थे। वारदात की सूचना मिलते ही सरकंडा आईजी राम गोपाल गर्ग घटनास्थल पर पहुंचे,और जिले के आधे दर्जन से अधिक थाने की टीम को जाँच के लिए लगा दिया गया मौके शहर के चारों ओर नाकेबंदी कर दी गई।हैरानी की बात यह रही कि बदमाश अपनी एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल CG 10 P 0331और एक अन्य कार CG 10 BJ 8147 को घटनास्थल पर ही छोड़ गए।
तलाशी के दौरान पुलिस को जमीन पर गिरी हुई एक मैगजीन और कुछ जिंदा कारतूस भी मिले हैं,जिससे यह साफ है कि आरोपी हथियारों से लैस थे।फिलहाल पुलिस ने लूटी गयी कार को देर रात लगरा के पास लावारिस हालत मे बरामद हुई,हालांकि, पुलिस के हाथ खाली ही रहे क्योंकि बदमाश कार में रखे करोड़ों के जेवर निकाल कर चंपत हो चुके थे.
आरोपियों का सुराग लगाने के लिए पुलिस फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और स्निफर डॉग की मदद ले रही है। घटनास्थल से बरामद बाइक और कार के नंबरों के आधार पर उनके मालिकों की तलाश की जा रही है। फिलहाल घायल संतोष तिवारी का उपचार जारी है और पुलिस की कई टीमें संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।



