रायपुर में अवैध कबाड़ कारोबार पर कार्रवाई, 6 कबाड़ी संचालकों पर पुलिस का शिकंजा

रायपुर कमिश्नरी पुलिस ने अवैध कबाड़ कारोबार और चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त पर बड़ी कार्रवाई करते हुए नॉर्थ ज़ोन में सघन चेकिंग अभियान चलाया। नॉर्थ ज़ोन डीसीपी के निर्देशन में पुलिस की टीमों ने थाना खमतराई, गुढ़ियारी और उरला क्षेत्र में संचालित कबाड़ी यार्डों और दुकानों में देर शाम तक रेड कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और चोरी के सामान की अवैध बिक्री रोकने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने रावांभाठा स्थित विजय टंडन और अवध राम नवरंगे की कबाड़ी दुकानों सहित गुढ़ियारी और उरला क्षेत्र के कई कबाड़ी यार्डों की जांच की। जांच में करीब 38 हजार रुपए मूल्य का लोहे का कबाड़, सरिया और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद की गई। पुलिस ने अवैध रूप से कबाड़ कारोबार में संलिप्त कुल 6 कबाड़ी संचालकों के खिलाफ बीएनएसएस और बीएनएस की धाराओं के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस अधिकारियों ने सभी कबाड़ी और यार्ड संचालकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि चोरी का माल खरीदने या बेचने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या सामग्री की तत्काल सूचना पुलिस को देने के निर्देश दिए गए हैं। एडीसीपी नॉर्थ ज़ोन उमेश चंद्र गुप्ता ने बताया कि अवैध कबाड़ कारोबार और चोरी के नेटवर्क पर कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि शहर में कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे।




