छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में बारिश का कहर जारी, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : आसमान से लगातार बरस रहे बादलों ने छत्तीसगढ़ में मानसून का असर और गहरा कर दिया है। बीते 24 घंटों में प्रदेश के कई जिलों में मूसलाधार बारिश हुई, जिससे नदी-नाले उफान पर हैं और कई इलाकों में जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने आज भी भारी से अति भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। आइए जानते हैं, कैसा रहेगा आने वाले दिनों का मौसम।

Advertisement

पिछले 24 घंटों में छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में बारिश दर्ज की गई, जबकि मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी से अति भारी वर्षा हुई। सबसे ज्यादा 20 सेंटीमीटर बारिश बलौदाबाजार में रिकॉर्ड की गई। राजिम, लवन, भाटापारा, गिधौरी, बिलासपुर, रायपुर, मुंगेली, कोरबा, जांजगीर-चांपा और कई अन्य जिलों में भी अच्छी बारिश हुई।

Advertisement

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण झारखंड और उत्तरी ओडिशा के ऊपर बना अवदाब लगातार पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। इसी सिस्टम के प्रभाव से आज मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है। साथ ही गरज-चमक, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है।

 

हालांकि राहत की बात यह है कि 8 जुलाई से प्रदेशभर में बारिश की तीव्रता और गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। इसके बावजूद अगले दो दिनों तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश और वज्रपात का खतरा बना रहेगा।राजधानी रायपुर में आज दिनभर बादल छाए रहने, रुक-रुक कर बारिश होने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान नदी-नालों और खुले स्थानों से दूर रहने तथा बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button